Kanpur । चकेरी थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट और झपटमारी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऑटो के जरिए सवारियों को निशाना बनाने वाले मोबाइल लूट गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। आरोपियों को रामादेवी–नौबस्ता फ्लाईओवर के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश, राज लोधी उर्फ गंधा और दमन दिवाकर के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ऑटो में सवारियां बैठाकर मौका पाते ही उनके मोबाइल फोन झपट लेते थे और फरार हो जाते थे। गिरोह लंबे समय से चकेरी और आसपास के इलाकों में सक्रिय था, जिससे आमजन में दहशत बनी हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 303(2) और 317(2) के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लूटे गए मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त ऑटो संख्या UP78-JT2239 बरामद किया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश भी जारी है।


