डाक सेवाओं में आएगा आधुनिक बदलाव
Kanpur। भारतीय डाक विभाग की N-GEN परियोजना के तहत शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर स्थित उपडाकघर में नवीन सेवाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश परिक्षेत्र के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रो. प्रणव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी की उपस्थिति में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण से जुड़ी नई सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

उपडाकघर में आयोजित फाइन आर्ट एवं बाल पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने डाक कर्मचारियों से टीम भावना, पारदर्शिता और बेहतर ग्राहक सेवा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल कानपुर परिक्षेत्र अशोक कुमार यादव ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


