Kanpur। पारंपरिक युद्धकला को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोबुडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ असम की ओर से कोबुडो मार्शल आर्ट्स टेक्निकल सेमिनार 2026 का आयोजन 28 मार्च से किया जा रहा है। यह आयोजन कोबुडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से किया जा रहा है।
सेमिनार असम चराइदेव स्थित सापेखाती पब्लिक ऑडिटोरियम में सुबह साढ़े छह से दस बजे तक चलेगा। कानपुर के रहने वाले और राष्ट्रीय स्तर के मार्शल आर्ट्स विशेषज्ञ शिहान शोभित पांडे (जनरल सेक्रेटरी व चीफ एग्जामिनर, केएमएएआई ) प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को कोबुडो की पारंपरिक हथियार तकनीकों, प्रभावी आत्मरक्षा उपायों, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी। साथ ही लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में कोबुडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ असम के जनरल सेक्रेटरी रातुल गोगोई भी शामिल होंगे, जो प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह सेमिनार छात्रों, प्रशिक्षकों, मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों और सेल्फ-डिफेंस में रुचि रखने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी रहेगा।


