वायरल वीडियो बना सुराग, अवैध वसूली और रैकेट के कई राज खुलने की उम्मीद
Kanpur । कानपुर के चर्चित किडनी कांड में रावतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी डॉ. अफजल के करीबी और उसके ड्राइवर परवेज सैफी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से ₹9 लाख नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें परवेज नोटों के ढेर के बीच बैठा नजर आ रहा था।
जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो कल्याणपुर के एक होटल में बनाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, यह रकम एक महिला के ऑपरेशन के बाद वसूली गई थी। आरोपी इस रकम को जश्न के रूप में दिखाते हुए वीडियो बना रहे थे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परवेज की तलाश शुरू कर दी थी।
पुराना अपराधी है परवेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परवेज सैफी महज ड्राइवर नहीं, बल्कि शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से डॉ. अफजल के साथ मिलकर अवैध वसूली और ऑपरेशन से मिली रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
रावतपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹9 लाख नकद बरामद हुआ, लेकिन वह इस रकम के स्रोत के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। पुलिस को आशंका है कि यह रकम किडनी तस्करी या अवैध प्रत्यारोपण से जुड़ी हो सकती है।
बड़े नेटवर्क पर शिकंजा
पुलिस का कहना है कि किडनी कांड से जुड़े हर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। परवेज की गिरफ्तारी के बाद अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के तार किन-किन अस्पतालों और प्रभावशाली लोगों से जुड़े हैं।
बरामद रकम और वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से पूरे किडनी रैकेट के कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश भी संभव है।


