Kanpur । होली की छुट्टियां समाप्त होते ही कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को केडीए की टीम ने ग्राम धरमपुर में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाते हुए लगभग 19.5 बीघे जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और प्लॉटों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पन्ना लाल, अदन, भरोसा, श्रीमती पूजा यादव, राकेश दीक्षित, सती प्रसाद व अन्य द्वारा गाटा संख्या 381ग, 384क, 395क, 386क, 395ख में करीब 7 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा मेसर्स मा डेवलपर्स के सुनील कुमार गौर, चेतन बाजपेई व अन्य द्वारा गाटा संख्या 393, 397ख, 394, 384 में लगभग 5.5 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाकर उसे समाप्त कर दिया गया।तीसरी कार्रवाई में सुनील कुमार, मृदुल जौहरी, राधेश्याम, सूरजवली, शंकर लाल, मोहन लाल व अन्य द्वारा गाटा संख्या 286, 284, 407, 405, 392, 391 में करीब 7 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
इस मौके पर विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग केवल केडीए से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें। प्लॉट खरीदने से पहले नक्शा और ले-आउट की जांच अवश्य करें तथा केडीए से जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।


