Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को पहले मैच में राइडर्स क्लब ने बाबे लालू जसराई क्लब को नौ विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में एनएए क्लब ने प्रिंस क्लब को 54 रन से हराया।
जाजमऊ स्थित एवरेस्ट क्रिकेट मैदान पर खेले गए पहले मैच में बाबे लालू जसराई क्लब ने 30.5 ओवर में नौ विकेट पर 129 रन बनाए। टीम से तुषार कुमार ने 44, राहुल श्रीवास्तव ने 33 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आदित्य शुक्ला ने पांच, अमन सिंह ने दो, तरुण और बृजेश ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में राइडर्स क्लब ने 10.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में तरुण द्विवेदी ने 56 रन की अर्द्धशतकीय पारी, शाश्वत ने नाबाद 41 व अमन सिंह ने नाबाद 22 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अभिषेक वर्मा ने एक विकेट अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच आदित्य शुक्ला को चुना गया। राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में एनएए क्लब ने 24 ओवर में 172 रन बनाए।
टीम से विशाल ने 51 रन, कृष्ण श्रीवास्तव ने 32, आर्यन साहू ने 19 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आलोक ने पांच विकेट, ऋषिकेश, अभिनव और सत्यम सिंह ने एक-एक विकेट झटका। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रिंस क्लब की पूरी टीम 33.4 ओवर में 118 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से सर्वाधिक सत्यम सिंह ने 31, आयुष वर्मा ने 19 रन बनाए, तो गेंदबाजी में कृष्णा पाल और अंकज ने तीन-तीन विकेट चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच कृष्ण पाल को चुना गया।


