Wednesday, February 11, 2026
HomeकानपुरKanpur : केडीए का हंटर: अहिरवा में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग पर...

Kanpur : केडीए का हंटर: अहिरवा में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

भारी पुलिस बल के साथ प्रवर्तन जोन-4 की बड़ी कार्रवाई, बिना नक्शा स्वीकृति बनी कॉलोनियां ध्वस्त

Kanpur ।कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के आदेश एवं सचिव के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौजा अहिरवा में छापा मारकर करीब 30 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।

प्रवर्तन दल ने क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहले चरण में आराजी संख्या 1671, 1672, 1707, 1715, 1716, 1717, 1720, 1721, 1722 व 1727 में फैली लगभग 20 बीघा जमीन पर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के बनाए गए निर्माण, बाउंड्री वॉल और अस्थायी ढांचों को ध्वस्त किया गया। यहां अवैध रूप से सड़कें, बिजली के खंभे और कार्यालय भी बना दिए गए थे।

दूसरे चरण में आराजी संख्या 1563, 1567 व 1568 के अंतर्गत आने वाली लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर भी बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका।

यह अभियान प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन (जोन-4) अतुल कुमार राय के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर व प्रवर्तन दल के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए गए सभी निर्माण अवैध हैं और उन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

केडीए ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधता केडीए से अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में परेशानी से बचा जा सके।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...