Kanpur । शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ केडीए का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को चकेरी थाना क्षेत्र के देहली सुजानपुर में बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे एक बड़े निर्माण पर प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मच गई।
केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश और सचिव के 19 मार्च 2026 के आदेश के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने क्षेत्रीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम के अनुसार, थाना चकेरी के अंतर्गत आराजी संख्या-1958 (पार्ट), बजरंगी गैस एजेंसी के पास स्थित स्थल पर अवैध निर्माण किया जा रहा था।
प्रवर्तन टीम ने निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाते हुए विधिक प्रक्रिया पूरी कर पूरे परिसर को सील कर दिया। कार्रवाई प्रभारी अधिकारी (प्रवर्तन जोन-4) के नेतृत्व में की गई, जिसमें अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, प्रवर्तन स्टाफ, विभागीय सुरक्षा बल और पुलिस बल मौजूद रहा।
केडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध और बिना अनुमति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण से पहले प्राधिकरण से नक्शा पास अवश्य कराएं।


