Kanpur । उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा संचालित कानपुर मेट्रो परियोजना को “बेस्ट कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट” श्रेणी में प्रतिष्ठित सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार निर्माण क्षेत्र में उत्कृष्टता और गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित समारोह में यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार की ओर से निदेशक/वर्क्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर सी.पी. सिंह और परियोजना निदेशक अरविंद मीणा ने पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया।
चयन प्रक्रिया के तहत सीआईडीसी टीम ने मार्च में कानपुर मेट्रो परियोजना के विभिन्न स्थलों, स्टेशनों और श्रमिक आवासों का निरीक्षण किया था। इस दौरान मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी, गैर-किराया राजस्व के लिए फूड एवं रिटेल आउटलेट, पुस्तक मेले और ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ जैसी पहल की सराहना की गई।
इससे पहले यूपीएमआरसी की लखनऊ और आगरा मेट्रो परियोजनाएं भी क्रमशः 15वें और 16वें सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। समारोह में सी.पी. सिंह को ‘अध्यक्ष प्रशंसा पुरस्कार’ भी प्रदान किया गया।यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


