Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से द्वितीय सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत कानपुर साउथ मैदान पर दो मुकाबले खेले गए, जिनमें कानपुर क्रिकेटर्स और केडीएमए की टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में कानपुर क्रिकेटर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 181 रन बनाए।
समन्वय दीक्षित ने नाबाद 97 रन की आकर्षक पारी खेली, जबकि आकाश त्रिवेदी ने 11 रन का योगदान दिया। विनर्स क्लब की ओर से जय तिवारी और निशान्त गौड़ ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में विनर्स क्लब की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन बनाए।
सार्थक लोहिया ने 71 और प्रियांशु रावत ने 50 रन की पारी खेली, जबकि प्रांजल शुक्ला ने 21 रन जोड़े। कानपुर क्रिकेटर्स की ओर से अशोक कुमार ने 2 और शशांक अवस्थी ने 1 विकेट लिया। कानपुर क्रिकेटर्स ने यह मुकाबला 10 रन से जीत लिया। दूसरे मुकाबले में केडीएमए की टीम 17.3 ओवर में 122 रन पर सिमट गई। माही कटियार ने 39 और सुधांशु चौहान ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवेन्द्र और मोहम्मद आतिफ खान ने तीन-तीन विकेट, जबकि कृष्ण चावला और आलोक साहू ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रेजुएट क्लब की टीम 18.3 ओवर में 97 रन पर ऑल आउट हो गई। देवाशीष ने 34 रन बनाए। केडीएमए की ओर से अंकित राजपूत और श्याम दीक्षित ने तीन-तीन विकेट, जबकि सौरभ सिंह ने दो विकेट झटके।
केडीएमए ने यह मुकाबला 25 रन से जीत लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन वी-गार्ड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शाखा प्रबंधक एसके सेठ ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह सहित दिनेश कटियार, पीएस नेगी, राजेश वर्मा, निर्मल सिंह, ब्रजेश सिंह, राजेश मिश्रा, पंकज भाटिया, अमरनाथ यादव, राहुल और धनंजय मिश्रा मौजूद रहे।


