Kanpur। कानपुर क्रिकेट संडे लीग के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में पटेल एकादश ने बीसीए लीजेंड्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मैन आफ द मैच बने मो. जावेद के आलराउंडर खेल ने पटेल एकादश को खिताबी मुकाबले के लिए ब्लू वारियर्स के सामने खड़ा कर दिया।
रविवार को पीएसी मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीए लीजेंड्स ने 26.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। इसमें सलामी जोड़ी विनीत (1) और स्वर टंडन (0) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद धर्मेंद्र (24), लविश (47) और अब्दुल रहमान (46) की पारियों ने टीम को मजबूत किया।
गेंदबाजी में पटेल के मो. जावेद ने तीन तथा विकास, गोपाल, सुशील, अंकुल ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में पटेल एकादश ने सलामी बल्लेबाज आशीष बाजपेयी (59) और अंकुर (61) की अर्धशतकीय पारियों के बदौलत मुकाबले में 17.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।


