Kanpur । 2022 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सुमित सुधाकर रामटेके को अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इससे पहले वे सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के अवसर पर पुलिस लाइन में भव्य ‘पाइपिंग सेरेमनी’ का आयोजन किया गया।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) विनोद कुमार ने नवनियुक्त अपर पुलिस उपायुक्त रामटेके को उनके पद के अनुरूप बैज (स्टार) पहनाया। समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पदोन्नति की बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की।
एसीपी रहते हुए आईपीएस रामटेके ने कई बड़े और महत्वपूर्ण खुलासे किए। उनके कुशल नेतृत्व में कई दुर्दांत अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। विशेष रूप से काकादेव कोचिंग मंडी में सक्रिय ड्रग माफियाओं को दबोचने का सराहनीय कार्य उन्होंने किया। उनके कार्यकाल में शहर की अपराध दर को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस विभाग में उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी पदोन्नति शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए एक सकारात्मक कदम है।


