सभी विकेटों की दिशा को बदला जायेगा, पवेलियन एंड की जगह अब होगी डीएवी एंड
अभी तक पूर्व-पश्चिम दिशा में थी विकेट, जो उत्तर-दक्षिण की तरफ बनायी जायेंगी
Kanpur । वर्ष 1952 से पूरी दुनिया में अपनी चमक बिखेर रहे ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम का पूरा कायाकल्प बदलने की तैयारी हो चुकी है। 77 साल से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन कर रहे ग्रीन पार्क स्टेडियम की पिचों की दिशा को पूरी तरह बदलने का प्रस्ताव बन चुका है। बजट में जारी धनराशि से जो कार्य पहले चरण में शामिल हैं, उनमें मैदान का काम सबसे पहले स्थान पर है। जिसमें पिचों को पूर्व-पश्चिम के स्थान पर उत्तर-दक्षिण की तरफ बनाना और विश्वस्तरीय अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाना है।
स्टेडियम की फ्लड लाइट के अलावा दर्शक क्षमता को बढ़ाने का कार्य भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय टी-20, वन-डे जैसे मुकाबलों में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसे शासन ने मंजूरी देने के साथ पहले चरण के लिए 45 करोड़ रुपये का बजट भी दे दिया है।
मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने पहले चरण में मिले बजट से स्टेडियम में होने वाले कार्यों का प्रस्ताव भी तैयार कर शासन को भेज दिया है। इस बजट से स्टेडियम का पूरा अलाइनमेंट बदला जाएगा। साथ ही, कम रोशनी की शिकायत को दूर करने के लिए फ्लड लाइट को और व्यवस्थित किया जाएगा।
स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम न होने से हल्की बारिश भी मैच में बाधा बन जाती थी। जिसे दूर करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा। इसके अलावा दर्शक क्षमता को बढ़ाने के लिए जर्जर पड़ी बी-गर्ल्स को पवेलियन के रूप में विकसित किया जाएगा। मंडलायुक्त ने बताया कि डीपीआर शासन को भेजा जा रहा है, जिससे अप्रैल में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
इससे मई माह से स्टेडियम के कायाकल्प के पहले चरण का काम शुरू होने की उम्मीद है। मंडलायुक्त ने कहा कि जीर्णोद्धार का पूरा प्रस्ताव इस तरह तैयार किया गया है कि बीच-बीच में होने वाले मैच बाधित नहीं होंगे।
बजट में मिले पैसे से जल्द ही ग्रीन पार्क में होने वाले कार्यों के टेंडर जारी होंगे। इनमें मैदान, पवेलियन आदि सभी निर्माण शामिल हैं। सबस महत्वपूर्ण ग्रीन पार्क स्टेडियम में अभी तक जो भी विकेट बनीं थी वह पूर्व से पश्चिम दिशा की तरफ थी जिससे खिलाड़ियों को मैच के दौरान दिक्कत आती थी।
इसी को देखते हुए अब यहां की सभी 9 पिच उत्तर से दक्षिण दिशा की तरफ बनायी जायेंगी। इन पिचों में एक लाल मिट्टी की भी होगी। इसके साथ ही मैदान का ड्रेनज सिस्टम भी विश्व स्तरीय बनाया जायेगा। जिससे मैच के दौरान बारिश होने पर 15 मिनट के अंदर दोबारा मैच शुरू कराया जा सके।
–डा.संजय कपूर, यूपी टी-20 लीग चेयरमैन
—

