Tuesday, March 31, 2026
HomeकानपुरKanpur : कानपुर में ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू, आपात मरीजों को मिलेगी...

Kanpur : कानपुर में ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू, आपात मरीजों को मिलेगी त्वरित मदद

Kanpur। अब गंभीर हालत में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी नहीं होगी। कानपुर पुलिस ने एम्बुलेंस के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू कर दी है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को कम समय में इलाज मिल सकेगा।

पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित समन्वय बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने की। बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात, एडीसीपी यातायात, आईएमए, सीएमओ कार्यालय के अधिकारी, अस्पताल व एम्बुलेंस संचालक, आईसीसीसी और ट्रैफिक मीडिया सेल के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी के समन्वय से एम्बुलेंस को तेज, सुरक्षित और बाधारहित रास्ता उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई।

नई व्यवस्था के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में 24 घंटे संचालित ग्रीन कॉरिडोर सेल बनाया गया है। यह सेल तीन शिफ्टों में काम करेगा और एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग के साथ ट्रैफिक को नियंत्रित करेगा। सीसीटीवी कैमरों और गूगल मैप्स के जरिए एम्बुलेंस की निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल निर्देश दिए जाएंगे।

इसके लिए 9454402413 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर एम्बुलेंस चालक कॉल, मैसेज, व्हाट्सएप कॉल या लाइव लोकेशन साझा कर सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित मार्ग को ट्रैफिक मुक्त कर एम्बुलेंस को प्राथमिकता दी जाएगी।

पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और अस्पतालों को चिन्हित कर विस्तृत रूट मैप भी तैयार किया जा रहा है, जिससे जाम की स्थिति से पहले ही निपटा जा सके। साथ ही सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि एम्बुलेंस को किसी भी स्थिति में न रोका जाए।
कानपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...