द्वितीय रमा मिश्रा यूपी टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी
कानपुर। कप्तान राहुल कपूर के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर गोल्डी इलेवन ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा द्वितीय रमा मिश्रा यूपी टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी के शनिवार को खेले गये पहले सेमीफाइनल में जैकसन कमिंस इलेवन को 39 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनायी। जीत में कप्तान राहुल कपूर ने 65 रनों की शानदार अद्धर्शतकीय पारी के साथ दो विकेट भी लिए। जिन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गोपाल शर्मा ने दिया।
टीएसएच मैदान में खेले गये इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोल्डी इलेवन ने 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम से कप्तान राहुल ने 39 गेंदों में छह चौकों व चार छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली वहीं अनुज शर्मा ने 31, अभिषेक द्विवेदी ने 29, फहीम खान ने 20 रनों का योगदान किया। जैक्सन कमिंस की तरफ से हिमांशु तोमर और सैफ अहमद ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैक्सन कमिंस की टीम 19.1 ओवर में 123 रन ही बना सकी। टीम से कप्तान नासिर अली ने 41, इमरोज अली ने 36 रनों को योगदान किया। विजयी टीम से राहुल कपूर और अनुज शर्मा ने दो-दो, अभिषेक द्विवेदी, शादाब और अमित जैन ने एक-एक विकेट लिया। इस मैच में अंपायर की भूमिका राजेश मिश्रा और उत्कर्ष मौर्या ने निभायी वहीं राजेश सिंह और अर्पित पाठक स्कोरर रहे। मैच रैफरी पंकज शर्मा थे।


