Kanpur । चौबेपुर थाना क्षेत्र के भिण्डुरी (नया पुरवा) गांव में मंगलवार देर रात गैस सिलेंडर के रिसाव से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में एक बुजुर्ग मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कमरे की दो दीवारें ढह गईं। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, साईं मेडिकल कॉलेज के पास नरेश शुक्ला उर्फ रमा शुक्ला के मकान में किराए पर रह रहे रमेश चंद्र दुबे (65), निवासी दुबियाना (शिवराजपुर), रात में खाना बनाने के बाद गैस बंद करना भूल गए थे। कमरा बंद होने के कारण रातभर उसमें गैस भरती रही।
रात करीब 12:40 बजे अचानक गैस में आग लग गई, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से कमरे की दीवारें भरभराकर गिर गईं।
मलबे की चपेट में आने से रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौबेपुर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।विस्फोट की चपेट में पड़ोस में बंधी तीन बकरियां भी आ गईं। दीवार गिरने से एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पशु चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।


