Kanpur । शहर में सूखे नशे के बढ़ते कारोबार के बीच पुलिस महकमे में ही तस्करों से सांठगांठ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मादक पदार्थ तस्करों से संपर्क में पाए गए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके की गोपनीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। जांच में पनकी मंदिर चौकी के दरोगा श्रवण कुमार, काकादेव थाने के हेड कांस्टेबल रंजीत कुमार, पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल कमलाकांत और सचेंडी थाने के हेड कांस्टेबल जितेंद्र प्रताप सिंह की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली गई। इसमें इनकी मादक पदार्थ तस्करों से लगातार बातचीत सामने आई।
शहर के साकेत नगर स्थित कंजड़नपुरवा, काकादेव, डबल पुलिया, अंबेडकर नगर और शास्त्री नगर समेत कई मलिन बस्तियों में युवाओं व छात्रों को गांजा और चरस बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। 26 फरवरी को प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और विधायक नीलिमा कटियार ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे।


