Kanpur। बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील सदर के सचेंडी और सोना गांव में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर गाटा-वार फसल क्षति का आकलन किया और किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की वास्तविक स्थिति जानी।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि अचानक हुई बारिश से खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। डीएम ने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तत्पर है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सर्वे शुरू कराया जाए।
सभी लेखपालों को गाटा-वार और क्षेत्रवार फसल क्षति का विस्तृत आंकलन करने को कहा गया है। साथ ही उपजिलाधिकारियों को इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को भेजी जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को इसे प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


