संवाददाता ।आकाश चौधरी
Kanpur। हर लड़की अपने विवाह को जीवन की सबसे खूबसूरत शुरुआत मानती है, लेकिन रावतपुर की एक विवाहिता के लिए यह रिश्ता दर्द, धोखे और प्रताड़ना की कहानी बन गया। प्यार, भरोसे और खुशहाल भविष्य के सपनों के साथ ससुराल पहुंची महिला को कुछ ही दिनों में ऐसा सच पता चला, जिसने उसकी पूरी जिंदगी झकझोर कर रख दी।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 25 अप्रैल 2025 को हमीरपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी में उसके पिता ने समाज और रिश्तेदारों के सामने मान-सम्मान रखते हुए करीब 38 लाख रुपये खर्च किए थे। धूमधाम से हुई शादी के बाद वह ससुराल गई, लेकिन चार दिन साथ रहने के बावजूद दांपत्य जीवन की शुरुआत नहीं हो सकी।
दूसरी विदाई के बाद वह पति के साथ कई रिश्तेदारियों में रही, जहां तमाम प्रयासों के बाद भी पति दांपत्य संबंध बनाने में असमर्थ रहा। धीरे-धीरे उसे पता चला कि उसका पति नपुंसक है और यह सच्चाई ससुरालियों को पहले से मालूम थी, जिसे जानबूझकर छुपाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि रिश्ता तय करते समय नोएडा में बताए गए थ्री बीएचके फ्लैट की जानकारी भी झूठी थी। वह फ्लैट किसी और के नाम पर दर्ज निकला। जब उसने इस पर सवाल उठाया तो ससुरालियों का रवैया बदल गया और धमकियां मिलने लगीं।आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और दबाव बनाया गया कि वह हालात से समझौता कर पत्नी बनकर रहे। बदले में उसका खर्च उठाने की बात कही गई।
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो करीब 17 लाख रुपये के गहने छीन लिए गए और मायके से पांच लाख रुपये लाने की मांग की गई।
मांग पूरी न होने पर अक्टूबर में ससुरालियों ने गाली-गलौज और मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। मजबूर होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
रावतपुर पुलिस ने पति और ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


