Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध काउण्टी क्रिकेट क्लब की ओर से पन्द्रहवीं स्व. केएस सक्सेना क्रिकेट प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें नेशनल यूथ ने भरत क्लब को 98 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेशनल यूथ की टीम ने 35 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाए।
दिव्यांशु पाण्डे ने 91 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अरमान तिवारी ने 40 और आरूष ने 21 रन जोड़े। भरत क्लब की ओर से देवेन्द्र सिंह ने 4 विकेट, रोहित वर्मा ने 2 विकेट प्राप्त किए। जवाब में भरत क्लब की टीम 26.4 ओवरों में 138 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से देवेन्द्र सिंह ने 36 और रोहित वर्मा ने 26 रन बनाए। नेशनल यूथ के गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी करते हुए अमित कुमार (29 रन पर 3 विकेट), सोम कटियार (16 रन पर 2 विकेट) और धनेश चौहान (18 रन पर 2 विकेट) के दम पर विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
शानदार बल्लेबाजी के लिए दिव्यांशु पाण्डे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत पीएस नेगी ने किया। इस अवसर पर केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह, कमल सक्सेना, आयुष शुक्ला, शिवम पाण्डे, राहुल सिंह मौजूद रहे।


