Kanpur । कानपुर। बीसीसीआई की वुमंस अंडर-23 वनडे क्रिकेट ट्रॉफी के अहम मुकाबले में कानपुर की अर्चना देवी की शानदार गेंदबाजी के बावजूद उत्तर प्रदेश को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात ने यूपी को 13 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
पुणे स्थित वीरांगना क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 192 रन बनाए।
यूपी की ओर से अर्चना देवी ने चार और भारती सिंह ने तीन विकेट लेकर गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। संध्या छेत्री और भूमि सिंह को एक-एक सफलता मिली। गुजरात की ओर से निधिबेन एन देसाई ने 53 रन, स्तुति जैनी ने 47 और यशवी ने 37 रन का योगदान दिया। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 50 ओवर में नौ विकेट पर 179 रन ही बना सकी। शारदा तिवारी ने 71 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि बबिता सिंह ने 26 और सोनाली सिंह ने 27 रन बनाए।
गुजरात की ओर से मनमीत और पी. नंदकरणी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि गौरी गोयल, शिवानी और निधिबेन ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस हार के साथ उत्तर प्रदेश और बंगाल के पांच मैचों में तीन जीत व दो हार के साथ 12-12 अंक रहे, लेकिन बेहतर नेट रनरेट (0.813) के आधार पर बंगाल अगले चरण में पहुंच गया, जबकि उत्तर प्रदेश (0.802) टूर्नामेंट से बाहर हो गया


