Kanpur। पुलिस की वर्दी में रहकर सिविल सेवा में चयनित होकर आरक्षी आशीष शुक्ला ने संघर्ष और समर्पण की मिसाल पेश की है। यूपीपीसीएस 2024 परीक्षा में उनका चयन कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर (वाणिज्य कर अधिकारी) के पद पर हुआ है। इस सफलता से पुलिस कमिश्नरेट में खुशी का माहौल है और सहकर्मी उन्हें बधाई दे रहे हैं।
शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में आशीष शुक्ला को सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताड़ा ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि ड्यूटी की व्यस्तता के बीच पढ़ाई जारी रखकर यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन आशीष ने यह कर दिखाया। उन्होंने इसे पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का क्षण बताया।
मूल रूप से अमेठी जनपद के शुक्ला बाजार निवासी आशीष शुक्ला वर्ष 2018 बैच के आरक्षी हैं और वर्तमान में कानपुर कमिश्नरेट में तैनात हैं। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी। सीमित समय और संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत की और सफलता प्राप्त की।
इस अवसर पर आईपीएस अधिकारी सुमित सुधारकर रामटेके भी मौजूद रहे। उन्होंने आशीष को बधाई देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आशीष की सफलता यह साबित करती है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।
आशीष के चयन की सूचना मिलते ही उनके साथियों और विभाग के अन्य कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस विभाग से प्रशासनिक सेवा में जाने का उनका यह सफर अन्य जवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि एक आरक्षी के पद पर रहते हुए राजपत्रित अधिकारी के रूप में चयनित होना बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल विभाग का मान बढ़ा है, बल्कि अन्य कर्मियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरणा मिलेगी।


