Kanpur । आमजन तक न्याय और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षा गृह में वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर नगर और छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए प्रमाणपत्र और प्रतीकात्मक लाभ भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल, कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिला जज विनय सिंह, प्रभारी सचिव कर्णिका अवध और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जानकारी देने का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण न्याय को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। वहीं जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के अधिकारों से जुड़ा विषय है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जा रहे हैं और ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की सही जानकारी मिलती है।
शिविर में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई, जबकि आयुष्मान योजना के तहत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। टूल किट योजना के अंतर्गत महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गईं और श्रम विभाग की योजनाओं से कई लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डूडा, ग्राम विकास, परिवहन, स्वास्थ्य, श्रम, शिक्षा, उद्योग, खाद्य एवं रसद, पशुपालन सहित 43 विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।


