बारादेवी से नौबस्ता तक 5 एलिवेटेड स्टेशनों पर लगाए गए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे
झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशनों पर भी कैमरे लगाने की हुई शुरूआत
Kanpur । मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर -1 (आईआईटी ‐ नौबस्ता) के अंतर्गत शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) में विभिन्न सिस्टम्स के इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में बारादेवी से नौबस्ता तक के पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों; बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर एवं नौबस्ता में सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इनमें से अधिकांश कैमरों का कॉन्फिगरेशन पूर्ण कर उन्हें लाइव भी कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त दो अंडरग्राउंड स्टेशनों; झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर में भी सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है।

मेट्रो की यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) के निर्माणाधीन स्टेशनों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से युक्त अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे न केवल स्टेशनों की सतत निगरानी करेंगे, बल्कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की पहचान कर तुरंत अलर्ट देने में भी सक्षम होंगे। वीडियो एनालिटिक्स फीचर से लैस ये कैमरे स्टेशन परिसर में पड़ी लावारिस वस्तुओं की पहचान कर सकेंगे। साथ ही यात्रियों की संदिग्ध गतिविधियों, प्लेटफॉर्म पर बनी पीली रेखा पार करने जैसी घटनाओं पर भी इनकी नजर रहेगी।
निगरानी तंत्र को सशक्त बनाने के लिए लगाए जा रहे इन अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों में इंफ्रारेड तकनीक से लैस कैमरे भी हैं, जिनकी मदद से रात में या कम रोशनी में भी क्लियर फुटेज मिलती है। ऐसे कैमरों को मुख्यतः आउटडोर या बाहर की ओर लगाया जा रहा है। स्टेशन और ट्रेन के अंदर बॉक्स कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। वाइड एंगल कवरेज के लिए डोम कैमरे तथा क्रिटिकल पॉइंट्स पर अत्याधुनिक पैन-टिल्ट-जूम (PTZ) कैमरे स्थापित किए जा रह हैं, जो रिमोट के माध्यम से 360 डिग्री तक घूमने एवं जूम करने में सक्षम हैं।
मेट्रो के प्रत्येक स्टेशन पर औसतन 40-45 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में लगभग 12 कैमरे स्थापित हैं। इन कैमरों का रियल टाइम फुटेज सीधे सभी स्टेशनों के कंट्रोल रूम, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और मेट्रो डिपो स्थित सेंट्रल सिक्यॉरिटी रूम में प्रसारित होता है। उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (यूपीएसएसएफ) के स्टाफ सीसीटीवी सर्विलेंस सिस्टम की मदद से मेट्रो तंत्र पर लगातार अपनी नजर बनाए रखते हैं।उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि, ‘‘मेट्रो स्टेशनों के निर्माण में सुरक्षा हमारी प्राथमिकता रहती है।


