सीसीटीवी में कैद वारदात, बाइक सवार ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
Kanpur । गोविंद नगर क्षेत्र में फर्जी पेट्रोलियम अधिकारी बनकर आए शातिर ठगों ने दिनदहाड़े एक महिला को झांसे में लेकर घर से दो गैस सिलेंडर पार कर दिए। जांच के नाम पर घर में घुसे बदमाशों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दो युवक इलाके में पहुंचे और एक घर को निशाना बनाया। उन्होंने खुद को गैस पेट्रोलियम विभाग का चेकिंग अधिकारी बताते हुए महिला से कहा कि वे गैस कनेक्शन और सिलेंडरों की सुरक्षा जांच करने आए हैं। अपनी बातों में विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने कागजी कार्रवाई का नाटक भी किया और महिला से पुरानी रसीदें व दस्तावेज दिखाने को कहा।
महिला जैसे ही कागजात लेने के लिए अंदर गई, दोनों ठग मौका पाकर घर में रखे दो भरे हुए गैस सिलेंडर उठाकर बाइक पर लादकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को कुछ समझ ही नहीं आया। बाद में जब उसने बाहर आकर देखा तो ठग जा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। फुटेज में दोनों युवक बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, बाइक नंबर और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पहचान पत्र देखे किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दें। किसी भी विभागीय जांच के दौरान अधिकारी का आईडी कार्ड अवश्य जांचें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।


