Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए क्रिकेट लीग में मंगलवार को पहले मैच में ग्रेजुएट क्लब ने नेशनल यूथ को आठ विकेट से मात दी। दूसरे मैच में विनर्स क्लब ने डायमण्ड क्लब को दो विकेट से हराया। तीसरे मैच में रोलैण्ड क्लब ने अशोका न्योति क्लब 264 रनों से करारी शिकस्त दी।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर पहले मैच में नेशनल यूथ की टीम 30.2 ओवरों में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। देवांश स्वरूप ने 47 और वंश गुप्ता ने 43 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सचिन पाण्डे ने चार और शिवम शुक्ला ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रेजुएट क्लब ने बिलाल फिरोज 82 रन और हेमन्त 46 रन की पारियों की बदौलत 21.3 ओवरों में ही दो विकेट खोकर 132 रन बनाकर मैच जीता।
प्लेयर ऑफ द मैच बिलाल फिरोज को चुना गया। किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में डायमण्ड क्लब ने 35.5 ओवरों में 165 रन बनाए। टीम से विकास राठौड़ ने 34 और एकलव्य कटियार ने 30 रन नाबाद की पारी खेली। गेंदबाजी में विनर्स क्लब की ओर से अखिलेश निषाद ने चार और ओजस शुक्ला ने तीन विकेट झटके। जवाब में विनर्स क्लब ने 35.2 ओवरों में आठ विकेट पर 169 रन बनाकर मुकाबला जीता। जीत में प्रांजल शुक्ला ने 38 रन नाबाद की महत्वपूर्ण पारी खेली।
प्लेयर ऑफ द मैच अखिलेश निषाद को चुना गया। जेम्स मैदान पर तीसरे मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने 40 ओवरों में आठ विकेट पर विशाल 340 रन का स्कोर खड़ा किया। कुलदीप श्रीवास्तव और कामरान अली ने 85-85 रन और आकाश ने 53 रनों की अर्द्धशतकीय पारियां खेली, तो गेंदबाजी में अनिकेत व यश सचान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
जवाब में अशोका न्योति क्लब की पूरी टीम 18.3 ओवरों में मात्र 76 रन पर ढेर हो गई। टीम से यश ने सर्वाधिक 10 रन बनाए, तो गेंदबाजी में कामरान अली ने चार और अंकुल जैन ने तीन विकेट हासिल किए। प्लेयर ऑफ द मैच कामरान अली को चुना गया। यह जानकारी केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।


