Kanpur। शहर में एक बार फिर मासूम की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग पर 8 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी मोहम्मद इस्राइल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बिना देरी किए दबिश देकर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सोमवार को उसे माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, ताकि जांच को मजबूत बनाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता और गुणवत्ता के आधार पर की जा रही है।उन्होंने बताया कि पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए तेजी से कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।


