Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग में मंगलवार को पहले मैच में नवाबगंज एथलेटिक्स ने स्टार क्लब को 6 विकेट से हराया। दूसरे मैच में सुपीरियर स्पिरिट ने भारत क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से पराजित किया। श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान में स्टार क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए।
इसमें नमन जायसवाल ने 38, वैदिक दीक्षित ने 36, सत्यम विश्वकर्मा ने 34 और निरंकार मणि त्रिपाठी ने 26 रन का योगदान दिया। तो गेंदबाजी में नवाबगंज एथलेटिक्स की ओर से अंकज ने हैट्रिक सहित पांच विकेट झटके, जबकि रेनुवेन्द्र ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवाबगंज एथलेटिक्स ने विशाल की 96 रन की शानदार पारी की बदौलत 25.2 ओवर में चार विकेट खोकर 218 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
अंकज ने 34, कृष्णा श्रीवास्तव ने 30 और देवांश सिंह चंदेल ने नाबाद 27 रन बनाए। स्टार क्लब की ओर से वैदिक दीक्षित ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अंकज को दिया गया। जाजमऊ के जेम्स मैदान पर भारत क्रिकेट क्लब की टीम 36 ओवर में 204 रन पर सिमट गई। शिवा राजपूत ने नाबाद 83 रन और प्रिंस ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में युवराज सिंह, धनंजय यादव और अखंड प्रताप सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में सुपीरियर स्पिरिट ने उत्कर्ष मौर्य के 82 रन और जय प्रकाश गुप्ता के नाबाद 76 रन की मदद से 28.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 208 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। सुबीर और देवेंद्र सिंह चौहान ने दो-दो विकेट लिए।


