बीएलओ पर फॉर्म-7 भरवाने का दबाव, लोकतंत्र पर हमला — राजा रामपाल
Kanpur । समाजवादी पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर मतदाता सूची में हो रही कथित अनियमितताओं के विरोध में ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के इशारे पर निर्वाचन कर्मचारियों और बीएलओ का दुरुपयोग कर विपक्षी समर्थकों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व सांसद राजा रामपाल ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे बीएलओ पर भारी दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं से जबरन ‘फॉर्म-7’ भरवाकर उनके वैध नाम कटवाए जा रहे हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। सपा नेताओं का कहना है कि इस प्रक्रिया में सबसे अधिक अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।
सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी गंभीर अनियमितताएं हो रही हैं। खासतौर पर महिलाओं को नए वोट बनवाने में अनावश्यक तकनीकी दिक्कतों और कागजी औपचारिकताओं के नाम पर परेशान किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर मतदाता बनने के लिए घोषणा-पत्र में आवश्यक जानकारी देना पर्याप्त है, इसके बावजूद अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग की जा रही है।
पूर्व सांसद राजा रामपाल ने मांग की कि जिला प्रशासन सभी बीएलओ को निष्पक्ष और दबावमुक्त होकर कार्य करने के निर्देश दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह मनमानी प्रक्रिया नहीं रुकी, तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।वहीं, जिला मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।


