Kanpur। रांची स्थित साइकिलिंग वेलोड्रोम में 27 व 28 फरवरी को आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता महिला ट्रैक साइकिलिंग लीग (ईस्ट जोन) में उत्तर प्रदेश की साइकिलिस्ट आकांक्षा वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से किय गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मणिपुर और ओडिशा की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। अयोध्या की आकांक्षा वर्मा ने इंडिविजुअल पर्सूट, स्क्रैच रेस और 200 मीटर फ्लाइंग स्प्रिंट स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त कर तीन कांस्य पदक जीते। आकांक्षा की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के चेयरमैन व उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव (मेडिकल हेल्थ और फैमिली वेलफेयर) धीरेन्द्र सिंह सचान ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सकल गुर्जर, महासचिव आरके गुप्ता ने भी बधाई दी।


