Kanpur । चकेरी थाना क्षेत्र में अवैध तमंचा दिखाकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सफीपुर इलाके में एक किशोर के हाथ में असलहा लेकर घूमने और रौब गांठने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर एचएएल कॉलोनी के पास से नाबालिग को दबोच लिया।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने यह तमंचा उन्नाव के कटरी इलाके से चार हजार रुपये में खरीदा था। वह क्षेत्र में अपनी धाक जमाने और लोगों को डराने के लिए असलहा साथ रखता था।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में काफी समय से डर का माहौल था। कई लोगों ने उसके असलहा लहराने की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे विधिक प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। साथ ही, अवैध असलहा बेचने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


