Kanpur । उत्तर प्रदेश सरकार एवं जापान के मध्य हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत जापानी प्रतिनिधिमंडल ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कल्याणपुर स्थित शाकभाजी अनुभाग का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व टोमैटेक कंपनी के प्रतिनिधि अकिनोरी कोजाकी एवं शुसाकु नाकाजीमा ने किया।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने फूलगोभी एवं मूली की फसलों पर सूक्ष्म पोषक तत्वों के प्रभाव को लेकर चल रहे शोध परीक्षणों का गहन अवलोकन किया।

अकिनोरी कोजाकी ने बताया कि परीक्षणों में सूक्ष्म पोषक तत्वों का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिससे फसल जल्दी पककर तैयार होगी और उत्पादन में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शीघ्र पकने से किसानों को बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।
संवाद सत्र के दौरान शुसाकु नाकाजीमा ने जानकारी दी कि टोमैटेक कंपनी द्वारा विकसित सूक्ष्म पोषक तत्व उर्वरक का प्रयोग बुवाई के समय 6 किलोग्राम प्रति 1000 वर्ग मीटर की दर से किया जाता है, जिससे फसलों की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार होता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक शोध डॉ. आर. के. यादव, प्रोफेसर डॉ. पी. के. सिंह, सब्जी विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. केशव आर्य, डॉ. श्वेता सहित वैज्ञानिकों की टीम एवं अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।


