Kanpur । रावतपुर क्षेत्र में सामने आए अवैध किडनी खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जांच के दौरान कई अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में इंदिरापुरम, गाजियाबाद निवासी डॉक्टर रोहित का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है और उससे संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। वहीं डॉक्टर अली के संबंध में भी सूचना मिलने पर उसके निवास पर दबिश दी गई। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने उसे डॉक्टर न होकर ओटी टेक्नीशियन बताया है, हालांकि पुलिस इस तथ्य का सत्यापन कर रही है।
पुलिस के अनुसार अब तक 7-8 अस्पतालों के नाम सामने आए हैं, जहां इस तरह के ऑपरेशन किए जाने की आशंका है। संबंधित अस्पतालों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। ओटी टेक्नीशियनों से मिली जानकारी में डॉक्टर अली की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस बीते दो दिनों से लगातार पूछताछ और साक्ष्य संकलन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


