कानपुर। केडीए की विभिन्न आवासीय योजनाओं के अंतर्गत 465 भूखंडों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। यह लॉटरी कार्यक्रम कानपुर के अटल बिहारी प्रेक्षागृह में पारदर्शी तरीके से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे और एलईडी स्क्रीन पर पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विक्रय जोन-2बी प्रभारी श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी की देखरेख में यह प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।

लॉटरी में शताब्दी नगर सेक्टर-3, जवाहरपुरम सेक्टर-4, जवाहरपुरम सेक्टर-1 और जवाहरपुरम सेक्टर-1ए के विभिन्न श्रेणी के कुल 465 आवासीय भूखंड शामिल थे। इन भूखंडों के लिए कुल 2615 आवेदकों ने आवेदन किया, जो उपलब्ध प्लॉटों की संख्या से पांच गुना से भी अधिक है।
जानकारी के अनुसार शताब्दी नगर सेक्टर-3 में 69 भूखंड, जवाहरपुरम सेक्टर-4 में 196 भूखंड, जवाहरपुरम सेक्टर-1 में 56 भूखंड और जवाहरपुरम सेक्टर-1ए में 144 भूखंड आवंटित किए गए। इन भूखंडों में 60 वर्गमीटर, 90 वर्गमीटर, 112.50 वर्गमीटर, 162 वर्गमीटर, 200 वर्गमीटर और 300 वर्गमीटर तक की विभिन्न श्रेणियां शामिल थीं, जिससे अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
ई-लॉटरी व्यवस्था के कारण आवेदकों को प्राधिकरण या बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़े और उन्होंने घर बैठे इंटरनेट के माध्यम से आवेदन किया। इसी सुविधा के कारण शहर के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों ने भी उत्साह के साथ आवेदन किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण केडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी किया गया, जिससे वे लोग भी प्रक्रिया देख सके जो प्रेक्षागृह में उपस्थित नहीं थे।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इन भूखंडों के विक्रय से केडीए को लगभग 215 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य अभियंता आर.आर.पी. सिंह, मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार, विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


