लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, दिया भरोसा—हर शिकायत का होगा प्रभावी निस्तारण
Gorakhpur, 17 अप्रैल। योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 200 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाया जाए और हर शिकायत का त्वरित, पारदर्शी व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिले, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। उन्होंने प्रार्थना पत्रों को अपने हाथ में लेकर उनका अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर कार्रवाई तेज करने को कहा।
कार्यक्रम में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा, आवास संबंधी समस्याएं लेकर आई महिलाओं को भी मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।


