डुनेडिन। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का खराब दौर समाप्त होने केा नाम नहीं ले रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी उनकी जमकर पिटाई हुई। उनके एक ही ओवर में 26 रन बने हैं। वहीं इससे पहले टी20 सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 2 ओवर में 17 रन दिये थे पर उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।
दूसरे मैच में शाहीन का पहला ओवर मेडन रहा। मेजबान बल्लेबाज टिम सिफर्ड इस ओवर में कोई रन नहीं बना सके। पारी के तीसरे ओवर में एक बार फिर शाहीन आए। इस बार भी स्ट्राइक पर सेफर्ड ही थे पर इस बार उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए पहली गेंद पर ही छक्का लगा दिया।
वहीं दूसरी गेंद को कवर के ऊपर से मारा। ओवर की 5वीं और छठी गेंद पर भी सिफर्ट ने शाहीन पर छक्के लगाये जबकि चौथी गेंद पर दो रन बने। इस तरह ओवर में शाहीन ने चार छक्के दे दिये।
यह शाहीन का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे महंगा ओवर है। इससे पहले 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही शाहीन के एक ओवर में 24 रन बने थे। तब फिन एलेन ने उनके ओवरे में 24 रन बनाये थे। वहीं साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शाहीन ने एक ओवर में ही 21 रन लुटा दिए थे। इसमें मैथ्यू वेड ने उनकी गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाये थे।
वहीं दूसरे टी20 की बात करें तो बारिश से प्रभावित इस मैच को 15-15 ओवरों का कर दिया गया था। जिसमें पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 135 रन बनाए थे। इसके बाद मेजबान टीम ने 13 ओवर और एक गेंद में ही पांच विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया।
मेजबान टीम की ओर से सिफर्ट ने 22 गेंदों पर 45 जबकि फिन एलेन ने 16 गेंदों पर ही 38 रन बनाये। इस जीत के साथ ही 5 मैचों की सीरीज में कीवी टीम को 2-0 की बढ़त मिल गयी है।
—