Thursday, July 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशBanda : कब्रिस्तान की राजनीति करने वाले राम मंदिर का करते हैं...

Banda : कब्रिस्तान की राजनीति करने वाले राम मंदिर का करते हैं विरोध : सीएम योगी

बांदा में 710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- विकास विरोधी सोच को जनता करे खारिज

Banda। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च किया जाता था। जिन्हें कब्रिस्तान प्रिय है, वे ही अयोध्या के राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध करते हैं। उन्होंने जनता से विकास विरोधी और नकारात्मक सोच रखने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से खारिज करने की अपील की।

बुंदेलखंड की बदली तस्वीर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ वर्ष पहले जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यहां पिछड़ापन, पलायन, पेयजल संकट, डकैतों और माफियाओं का आतंक आम बात थी। किसान खेतों तक जाने से डरते थे और थानों में शिकायत दर्ज कराना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सड़क, सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

डबल इंजन सरकार ने दिए विकास के नए आयाम
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने बुंदेलखंड को नई पहचान दिलाई है। क्षेत्र में महारानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं विकास की नई इबारत लिख रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर खेत को पानी, हर घर तक योजनाओं का लाभ और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

कानून व्यवस्था पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उपद्रव, दंगा और गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। बेटी, व्यापारी और आम नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद माफियाओं के कब्जे से 64 हजार एकड़ भूमि खाली कराई गई, जहां अब उद्योग और विकास परियोजनाएं स्थापित हो रही हैं। इससे युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

सपा-कांग्रेस पर हमला, ब्रह्मोस का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने बुंदेलखंड को डकैत और अपराध का माहौल दिया, जबकि भाजपा सरकार ने एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसी परियोजनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है और इसका लाभ बुंदेलखंड को भी मिलेगा। उन्होंने ओडीओपी योजना का उल्लेख करते हुए बांदा के प्रसिद्ध ‘शजर’ पत्थर की भी सराहना की और कहा कि इसकी मांग अब देश-विदेश में बढ़ रही है।

जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने बांदा के जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि विकास के प्रति उनकी सक्रियता का परिणाम आज दिखाई दे रहा है। वहीं उन्होंने बबेरू के सपा विधायक पर विकास में रुचि न लेने और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है और बुंदेलखंड को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश-दुनिया के युवा रोजगार के लिए बुंदेलखंड का रुख करेंगे।

कार्यक्रम में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, विधायक प्रकाश द्विवेदी, ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...