Saturday, October 3, 2026
HomeखेलNew Delhi : पाकिस्तान को 19 रन से हराकर भारत फिर बना...

New Delhi : पाकिस्तान को 19 रन से हराकर भारत फिर बना एशियाई चैंपियन

अभिषेक-तिलक की तूफानी बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने कसा शिकंजा, लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण

New Delhi । भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारत की जीत में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन निर्णायक रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। 51 रन के स्कोर तक वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन पवेलियन लौट चुके थे। वैभव ने नौ गेंदों पर 15 और सैमसन ने चार गेंदों पर दो रन बनाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।

28 गेंदों में अर्धशतक
अभिषेक ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर जोरदार प्रहार करते हुए महज 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 61 रन की पारी में सात छक्के और तीन चौके लगाए। वह 93 रन के स्कोर पर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 और ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 20 रन बनाए।

भारतीय पारी के अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और तीन चौके शामिल रहे। तिलक ने शिवम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 62 रन की तेज साझेदारी की। शिवम ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। इसके दम पर भारत 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन तक पहुंच गया।

पाकिस्तान की शुरुआत बिगड़ी
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ा गई। 39 रन तक टीम के तीन विकेट गिर चुके थे। साहिबजादा फरहान ने 10, उस्मान खान ने तीन और माज सदाकत ने 23 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद हसन नवाज और सईम अयूब ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 87 रन जोड़े। सईम 29 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार बने।

हसन नवाज ने इसके बाद भारतीय गेंदबाजों पर हमला जारी रखा। उन्होंने 51 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें सात छक्के और पांच चौके शामिल थे। वह टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सके। अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने रन गति पर अंकुश लगा दिया।

अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान 20 ओवर में छह विकेट पर 192 रन ही बना सका। भारत ने 19 रन से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट स्वर्ण पदक जीत लिया। पाकिस्तान को रजत पदक मिला।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...