Kanpur । भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने कमर कस ली है। मंगलवार को नगर आयुक्त ने विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई के साथ प्रस्तावित रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पैचवर्क और जलकल से जुड़ी व्यवस्थाओं की मौके पर जांच की गई। जहां-जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में क्षेत्रीय पार्षद अमित गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और आदर्श गुप्ता के अलावा जगन्नाथ यात्रा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, जोनल अभियंता और स्वच्छता अधिकारी समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
यात्रा शुरू होने से पहले पूरे होंगे सभी काम

नगर आयुक्त ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि रथयात्रा शुरू होने से पहले यात्रा मार्ग से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। सड़क मरम्मत, पैचवर्क, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता कार्यों का नियमित निरीक्षण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं को न हो परेशानी
नगर आयुक्त ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें और यात्रा के दौरान भी लगातार निगरानी रखकर व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखें।


