Mumbai । क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और अभिनेत्री आकृति अग्रवाल फिर साथ आ गये हैं। हाल ही में इनकी सगाई टूट गयी थी पर अब दोनो एक बार फिर साथ आ गये हैं। दोनो ने ही सगाई के छह महीने के भीतर ही अलग होने का फैसला कर लिया था, जिससे उनके प्रशंसक हैरान रह गए थे। पिछले महीने 17 सितंबर को सोशल मीडिया पर अपनी सगाई टूटने की घोषणा के एक माह के अंदर ही इनकी दूरियां खत्म को गयीं। दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक साझा बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की है, जिसने एक बार फिर उनके चाहने वालों को खुशी से भर दिया है।
अपने संयुक्त बयान में, पृथ्वी और आकृति ने सगाई टूटने की पिछली वजहों पर खुलकर बात की है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके रिश्ते में आई दरार की वजह करीबी लोगों की बातों और उनकी राय थी, जिसे उन्होंने खुद पर हावी होने दिया। उन्होंने कहा, जब हमने अपनी सगाई तोड़ी थी, तब मैंने अपने करीबी लोगों की बातों और उनके राय को खुद पर हावी होने दिया। जो लोग ऐसा दिखाते थे कि वे हमारे रिश्ते को हमसे बेहतर समझते हैं, इससे मेरी मंगेतर और हमारे रिश्ते को देखने का मेरा नजरिया प्रभावित हुआ। पृथ्वी ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि उन्हें भटकाया गया था, और बिना आपस में खुलकर बात किए ही यह बड़ा फैसला ले लिया गया था। दोनों ने स्वीकार किया कि वे दोनों को पहले ही बात कर लेनी चाहिये थी।
इस अनुभव से सीखते हुए, पृथ्वी और आकृति दोनों ने अपनी पिछली गलती को स्वीकार किया है। अब उन्होंने आपस में खुलकर बात की है, एक-दूसरे को गहराई से समझा है, और फिर से साथ आने का फैसला किया है। दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि साथ मिलकर वे एक-दूसरे के लिए काफी हैं और उन्हें अपने रिश्ते में किसी तीसरे की जरूरत नहीं है। इस बार, वे चाहते हैं कि उनका भविष्य पूरी तरह से उनकी अपनी समझ, भरोसे और प्यार से चले। अपने इस नए सफर की शुरुआत करते हुए, उन्होंने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से अपने फैसले का सम्मान करने की अपील की है।
गौरतलब है कि सगाई टूटने की घोषणा के बाद पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल दोनों ने एक दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया था। पृथ्वी ने तो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सगाई से जुड़ी सभी तस्वीरें और वीडियो भी हटा दिए थे, जो उनके अलग होने का स्पष्ट संकेत था। हालांकि, इस पैचअप के बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल को फिर से बहाल कर लिया है और अब उनकी सगाई की तस्वीरें फिर से प्रोफाइल पर दिख रही हैं, जो उनके रिश्ते की नई शुरुआत का प्रतीक है।


