Kanpur। कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब, मैचलेस एफसी और कैंट स्पोर्टिंग ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पहला मुकाबला बीपीएल यूनाइटेड और कैंट स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। मैच के शुरुआती हॉफ में दोनों टीमों ने संतुलित खेल दिखाया और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हॉफ में कैंट स्पोर्टिंग के शादाब ने 30 गज की दूरी से शानदार शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि बीपीएल यूनाइटेड के सात्विक ने जल्द ही गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में मोहम्मद ने बॉल को गोल में बदलते हुए कैंट स्पोर्टिंग को 2-1 से जीत दिला दी।
दूसरे मैच में मैचलेस एफसी ने एचएएल को 2-0 से हराया। मुकाबले की शुरुआत से ही मैचलेस एफसी का दबदबा देखने को मिला। पहले हॉफ समाप्त होने से पांच मिनट पहले जोहेब ने कॉर्नर किक पर शानदार हेडर लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ में कैफ ने दूसरा गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी।
दिन का तीसरा मैच में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने स्काई एफसी को 7-0 से करारी शिकस्त दी। कैंटोनमेंट के स्टार खिलाड़ी प्रथम सिंह ने 11वें, 16वें और 25वें मिनट में लगातार गोल दागकर पहले हॉफ में ही हैट्रिक पूरी कर ली। दूसरे हॉफ में सागरदीप ने शानदार हॉफ-वॉली से चौथा गोल किया। इसके बाद प्रथम सिंह ने फ्री-किक पर बेहतरीन गोल कर टीम की बढ़त 5-0 कर दी। मैच के अंतिम मिनटों में कबीर ने लगातार दो गोल दागकर टीम को 7-0 की शानदार जीत दिलाई।
इससे पहले लगातार दो बार संतोष ट्रॉफी में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी मोहम्मद अरीब ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टूर्नामेंट के दौरान अमित नारंग, आसिफ इकबाल, फिरोज अहमद, वसीक अब्बासी, जावेद, शरद जायसवाल, अतीक, रवि कुमार, रशीद अहमद, आनंद शर्मा, जावेद शेख, अमित कुमार, गोलू और अरशद समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।


