छह टीमों के कप्तानों ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात, 14 अगस्त से शुरू होगा लीग का रोमांच
Lucknow। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के आगाज से पहले मंगलवार को लीग की ट्रॉफी विधानसभा पहुंची। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तानों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। विधानसभा अध्यक्ष ने ट्रॉफी के साथ कप्तानों के फोटो खिंचवाए और खिलाड़ियों को सीजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल, कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, लखनऊ फाल्कन्स के भुवनेश्वर कुमार, काशी रुद्रास के करन शर्मा और नोएडा किंग्स के माधव कौशिक मौजूद रहे। मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी में स्वस्तिक चिकारा ने टीम का प्रतिनिधित्व किया। गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि यूपी टी-20 लीग उत्तर प्रदेश का उत्सव है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। विधानसभा अध्यक्ष से मिले प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी क्रिकेटरों से सीखने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रही है।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 की शुरुआत 14 अगस्त से लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगी। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक खेला जाएगा। इसके बाद 28 अगस्त से मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे। प्लेऑफ और फाइनल समेत दूसरे चरण के 12 मैच होंगे। फाइनल छह सितंबर को ग्रीन पार्क में खेला जाएगा।
प्रियम गर्ग ने छात्रों से साझा किया क्रिकेट सफर
यूपी टी-20 लीग के ट्रॉफी टूर के तहत मंगलवार को ट्रॉफी जीडी गोयनका स्कूल और जयपुरिया स्कूल, शहीद पथ पहुंची। जीडी गोयनका स्कूल में लखनऊ फाल्कन्स के प्रियम गर्ग ने छात्रों से अपने क्रिकेट सफर और संघर्ष के अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल न हो तो निराश होने के बजाय और मेहनत करनी चाहिए। लगातार सीखते रहना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
प्रियम ने अपने शुरुआती दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्रिकेट के प्रति जुनून ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि लखनऊ फाल्कन्स को चैंपियन बनाकर ट्रॉफी उठाना उनका सबसे यादगार पल होगा। वहीं जयपुरिया स्कूल में नोएडा किंग्स के नमन तिवारी ने छात्रों से संवाद किया।


