5.17 करोड़ की लागत से बने भवन को बताया आदर्श शिक्षा मॉडल
Lucknow । राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जनभवन के 5.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल बताया।

सीएम ने बच्चों को दिया प्रेरणादायक संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। निरंतर प्रयास और सही दिशा में मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में क्षमता होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और सही मार्गदर्शन देने की होती है।

शिक्षा में ‘योजक’ की भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को अयोग्य नहीं माना जा सकता। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में “योजक” की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सही शिक्षक और मार्गदर्शन ही प्रतिभा को निखार सकता है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल पूरे प्रदेश में अपनाया जा सकता है।
वैद्य जीवक का उदाहरण देकर दी सीख
सीएम योगी ने छात्रों को वैद्य जीवक का उदाहरण देते हुए बताया कि ज्ञान और अनुभव से हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि जीवक ने यह सिद्ध किया कि वनस्पति में भी औषधीय गुण खोजे जा सकते हैं। यह दृष्टांत विद्यार्थियों में जिज्ञासा और शोध की भावना विकसित करता है।
विद्यालय बना आधुनिक शिक्षा का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने विद्यालय की स्मार्ट क्लास, लैब, पुस्तकालय और स्पेस लैब की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी विद्यालयों को ऐसी सुविधाएं मिलें तो वे कॉन्वेंट स्कूलों की तरह प्रतिस्पर्धी बन सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू करने के निर्देश दिए।
पुस्तक विमोचन और बस की चाबी सौंपी गई
कार्यक्रम के दौरान ‘हमारा जनभवन’ पुस्तक का विमोचन किया गया। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या और चालक को स्कूल बस की चाबी सौंपी गई। भवन निर्माण में 4.70 करोड़ रुपये राज्य सरकार द्वारा और शेष राशि सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,वित्त मंत्री सुरेश खन्ना माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


