Saturday, August 8, 2026
HomeकानपुरKanpur : कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की हत्या, पत्नी को पीटकर...

Kanpur : कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की हत्या, पत्नी को पीटकर लूटे जेवर

पत्नी को पीटकर किया घायल, चार माह की बच्ची को गोद में लेकर मदद के लिए निकली महिला; डीवीआर भी उखाड़ ले गए बदमाश

Kanpur । साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में शुक्रवार आधी रात बदमाशों ने एक घर में धावा बोलकर सनसनी फैला दी। छत के रास्ते घर में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने 30 वर्षीय मुमताज उर्फ कल्लू पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंची पत्नी शाहजहां के साथ भी मारपीट की। वारदात के बाद बदमाश घर से बाइक, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। जाते-जाते घर में लगे करीब छह सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

देवसढ़ गांव निवासी मुमताज पराग डेयरी की गाड़ी चलाते थे। वह करीब डेढ़-दो साल से गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में बने मकान में पत्नी शाहजहां और चार माह की बेटी के साथ रह रहे थे। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार सो गया था। शाहजहां के मुताबिक, करीब 12 बजे अचानक छत से दो बदमाश घर में दाखिल हुए। दोनों ने चेहरे पर काले कपड़े बांध रखे थे।

बदमाशों ने पहले जेवर और नकदी के बारे में पूछताछ की। इसके बाद मुमताज पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पत्नी ने विरोध किया तो उसे भी लात-घूंसों से पीटा गया। बदमाश बार-बार जेवर देने के लिए दबाव बना रहे थे। वारदात के दौरान चार माह की बच्ची भी घर में मौजूद थी।

बदमाशों के भागने के बाद घायल शाहजहां बच्ची को गोद में लेकर घर से बाहर निकली और मदद के लिए चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजन मुमताज को बिधनू सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाहजहां को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना के बाद साढ़ और बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन करीब 45 मिनट तक सीमा विवाद के कारण कार्रवाई में देरी हुई। बाद में डीसीपी साउथ, एसीपी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

कानपुर ज्वाइंट सीपी विपिन टाडा ने बताया कि पत्नी से अस्पताल में घटना की जानकारी ली गई है। वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, एसडब्ल्यूएटी और सर्विलांस समेत सात पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...