कानपुर सेंट्रल के ईस्ट यार्ड में रेलवे सिग्नल केबल चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को आरपीएफ ने गश्त के दौरान पकड़ लिया। बरामद केबल के साथ आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
Kanpur। । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानपुर सेंट्रल की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सिग्नल केबल चोरी करने वाले एक शातिर युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, प्रयागराज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रभारी निरीक्षक एस.एन. पाटीदार के नेतृत्व में आरपीएफ टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ईस्ट यार्ड स्थित पानी की टंकी के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बोरी ले जाते दिखा। रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से सिग्नल विभाग की करीब 10 मीटर लंबी केबल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने केबल चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अयान निवासी खपरा मोहाल, थाना रेल बाजार के रूप में हुई है। बरामद केबल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


