Kanpur। आजाद पार्क में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट में तीन मैच हुए। इन मुकाबलों में यूनिवर्सिटी एफसी, एचएएल और उन्नाव स्टेडियम ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
पहला मुकाबला यूनिवर्सिटी फुटबॉल क्लब और औरैया फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। पहले हॉफ में दोनों टीमों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
दूसरे हॉफ में यूनिवर्सिटी एफसी ने शानदार वापसी करते हुए खेल पर पूरी पकड़ बना ली। आकाश कुमार ने फ्री-किक पर बेहतरीन गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद दिकेश सिंह ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में मिली पेनल्टी को भी दिकेश ने गोल में बदलते हुए अपनी टीम को 3-0 की एकतरफा जीत दिला दी।
दूसरा मुकाबला एचएएल और आरबीआई के बीच खेला गया। मैच के पांचवें मिनट में ही अमित दीवान ने गोल दागकर एचएएल को बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सकीं। अंत में एचएएल ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया।
दिन का तीसरा सबसे रोमांचक मुकाबला कानपुर रॉयल स्पोर्टिंग और उन्नाव स्टेडियम के बीच खेला गया। कानपुर की मजबूत टीम रॉयल स्पोर्टिंग के सामने उन्नाव की युवा खिलाड़ियों से सजी टीम ने शानदार तालमेल और संयमित खेल का प्रदर्शन किया। पहले हॉफ में रॉयल स्पोर्टिंग ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन उन्नाव के डिफेंडरों और गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव किया।
दूसरे हॉफ के 36वें मिनट में उन्नाव ने शानदार काउंटर अटैक किया, जहां अद्वैत शुक्ला ने दाएं छोर से हवा में शानदार पास दिया, जिसे दिग्विजय ने हेडर के जरिए गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद कानपुर रॉयल स्पोर्टिंग वापसी नहीं कर सकी और उन्नाव स्टेडियम ने 1-0 से शानदार जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के स्टार खिलाड़ी व संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी राकेश वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में फुटबॉल सचिव अजीत सिंह, अमित नारंग, आसिफ इकबाल, मो. सफवान, रईस अहमद, अब्दुल्ला और सौरभ सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


