Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध व आरवीएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन अंडर-19 टी-20 दिन/रात्रि क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए शनिवार को आयोजित ट्रायल में युवा खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। शुक्लागंज स्थित राहुल सप्रू मैदान पर आयोजित चयन प्रक्रिया में करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ट्रायल के दौरान केसीए चयनकर्ता इंदरपाल सिंह, पीएस नेगी ने खिलाड़ियों के खेल कौशल का बारीकी से अवलोकन किया और उनकी तकनीकी क्षमता का मूल्यांकन किया। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के विभिन्न पहलुओं पर खिलाड़ियों को परखा गया। आयोजन सचिव अजीत सिंह ने बताया कि पहले दिन बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शेष बचे खिलाड़ियों के ट्रायल रविवार 31 मई को आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद प्रतियोगिता के लिए संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह आयोजन युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करेगा।


