Monday, August 10, 2026
HomeकानपुरKanpur : ताऊ के अंतिम संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा,...

Kanpur : ताऊ के अंतिम संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा, 29 घंटे बाद मिला शव

भैरव घाट पर नहाते समय हादसा, 14 किमी दूर सिद्धनाथ घाट पर मिला शव

Kanpur । ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने भैरव घाट आए 22 वर्षीय मयंक चौरसिया की गंगा में डूबने से मौत हो गई। रविवार को हादसे के बाद पुलिस और जल पुलिस की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। करीब 29 घंटे बाद सोमवार शाम पांच बजे जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर उसका शव गंगा में उतराता मिला। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बजरिया थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी संजू कुमार चौरसिया पान की दुकान चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा मयंक बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। संजू के बड़े भाई सुरेश कुमार का शनिवार रात बीमारी के चलते निधन हो गया था। रविवार को परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए भैरव घाट पहुंचे थे।

अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग गंगा किनारे हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान मयंक गंगा में नहाने की जिद करने लगा। वह पानी में उतरकर गहराई की ओर चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर परिजनों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफल नहीं हो सके।

सूचना पर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। छह गोताखोरों और स्टीमर की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रविवार देर रात तक तलाश के बावजूद मयंक का पता नहीं चला। सोमवार शाम सिद्धनाथ घाट पर नाविकों ने गंगा में शव उतराता देखा। शव बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान मयंक के रूप में हुई।

कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...