Kanpur। कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान करंट लगने से एक कारीगर की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निर्माण स्थल पर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार छपेड़ा पुलिया के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर शुक्रवार को टाइल्स लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान 28 वर्षीय कारीगर शब्बीर अचानक हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। तेज झटका लगने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद मजदूरों और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और बिजली के तार खुले पड़े थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया और जमकर हंगामा किया। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


