174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाओं ने संभाली ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की जिम्मेदारी
Kanpur । स्वतंत्रता दिवस के जश्न को खास बनाने के लिए कानपुर की ग्रामीण महिलाएं देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने तिरंगा निर्माण की कमान संभाल ली है। जिले में 174 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 734 महिलाएं दिन-रात मेहनत कर राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में जुटी हैं। अब तक इन महिलाओं के हाथों से 1.5 लाख से अधिक तिरंगे बनकर तैयार हो चुके हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे इस अभियान ने महिलाओं को रोजगार का नया अवसर भी दिया है। तिरंगा निर्माण से जहां सरकारी विभागों और विभिन्न आयोजनों के लिए झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, वहीं ग्रामीण महिलाओं की आय में भी बढ़ोतरी हो रही है।
कल्याणपुर ब्लॉक के सिंहपुर क्षेत्र में संचालित प्रेरणा और प्रगति स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी पूरे उत्साह के साथ इस कार्य में जुटी हैं। महिलाओं का कहना है कि देश के सम्मान के प्रतीक तिरंगे को अपने हाथों से तैयार करना उनके लिए गर्व का विषय है। साथ ही इस काम से मिलने वाली आमदनी से वे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर पा रही हैं।
परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं को राष्ट्रीय ध्वज के निर्धारित आकार और मानकों के अनुसार तिरंगा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। तैयार किए गए झंडों को जिले के सरकारी कार्यालयों और विभागों में भेजा जाएगा। महिलाओं को उनके कार्य का भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जाएगा।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में महिलाओं की भागीदारी महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उदाहरण है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को सम्मान के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


